🔊
चण्डिका घाट रामगंगा पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग, जगत सिंह खाती ने जिलाधिकारी को सौंपा पत्र
चण्डिका घाट रामगंगा पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग, जगत सिंह खाती ने जिलाधिकारी को सौंपा पत्र
गंगोलीहाट। सीमांत क्षेत्रों के विकास एवं बेहतर यातायात सुविधाओं को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को पत्र सौंपकर चण्डिका घाट स्थित रामगंगा नदी पर प्रस्तावित मोटर पुल निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि वर्ष 2006 से स्वीकृत 80 मीटर लंबे मोटर पुल का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 18/2022 में शामिल इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बावजूद तुलानी से प्रस्तावित पुल स्थल तक की लगभग 4 किलोमीटर मोटर सड़क वन अधिनियम से अभी तक अवमुक्त नहीं हो सकी है। इसके कारण पुल तक पहुंच मार्ग तैयार नहीं हो पाया है और शासन स्तर पर धनराशि स्वीकृत करने में तकनीकी अड़चनें बनी हुई हैं।
जगत सिंह खाती ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग बेरीनाग के अंतर्गत पोखरी, चौली, विरगोली, गराली और नरग्वाड़ी होते हुए चण्डिका घाट तक अवशेष 1.77 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत की जाए। साथ ही शासन स्तर पर लंबित बजट आवंटित कर पुल निर्माण की निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए।
उन्होंने कहा कि चण्डिका घाट रामगंगा पुल बनने से कनालीछीना विकासखंड के लगभग 240 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट के बीच आवागमन सुगम होगा तथा प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों हाट कालिका मंदिर, पाताल भुवनेश्वर और चण्डिका घाट तक पहुंच आसान हो जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पुल क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।