🔊
विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट की सड़क परियोजनाओं को शासन भेजे जाने का स्वागत, समयबद्ध क्रियान्वयन की अपेक्षा
गंगोलीहाट। विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट के अंतर्गत विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित प्रस्तावों को उत्तराखण्ड शासन को प्रेषित किए जाने की जानकारी क्षेत्रवासियों के लिए स्वागतयोग्य है। प्राप्त जानकारी के अनुसार माननीय विधायक फकीर राम टम्टा द्वारा क्षेत्र की अनेक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं, जिनमें पाली–बूगली–मिलान मोटर मार्ग सहित अन्य संपर्क मार्ग शामिल हैं, के संबंध में शासन को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि डी. एस. सुगड़ा ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में उठाया गया प्रत्येक सकारात्मक कदम स्वागत योग्य है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शासन इन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर स्वीकृति प्रदान करेगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसे जनहित के कार्य समयबद्ध रूप से धरातल पर उतरते हैं, तो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा जनता का विकास कार्यों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
श्री सुगड़ा ने कहा कि उन्होंने भी पिछले कई वर्षों से सड़क, पेयजल एवं अन्य जनहित के मुद्दों को विभिन्न माध्यमों से लगातार उठाया है। यदि आज इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल हो रही है, तो यह क्षेत्र की जनता की सामूहिक आवाज़ और जनहित के निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि केवल इन प्रस्तावों तक ही सीमित न रहकर विधानसभा क्षेत्र की सभी लंबित सड़क परियोजनाओं, पेयजल योजनाओं एवं अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरे होने वाले विकास कार्यों की अपेक्षा रखती है।