🔊
स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन उमड़ी मरीजों की भीड़, 947 लोगों ने उठाया निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ
गंगोलीहाट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार को कुल 947 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। पहले दिन की तुलना में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पूर्व सोमवार को 759 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया था।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शल्य चिकित्सा विभाग में सर्वाधिक 210 मरीजों ने परामर्श लिया, जबकि हड्डी रोग विभाग में 154, नाक-कान-गला (ईएनटी) विभाग में 190, नेत्र रोग विभाग में 94, बाल रोग विभाग में 84 तथा दंत रोग विभाग में 35 मरीजों का उपचार किया गया।
जांच सेवाओं के अंतर्गत 170 मरीजों के एक्स-रे किए गए, जबकि डॉ. रामबाबू द्वारा 88 गर्भवती महिलाओं का एएनसी अल्ट्रासाउंड किया गया। सामान्य ओपीडी में 140 मरीजों का उपचार हुआ। वहीं, स्वास्थ्य योजनाओं के तहत 2 दिव्यांगता प्रमाणपत्र और 5 आयुष्मान कार्ड भी जारी किए गए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अनुज लखपाल और डॉ. मयंक दोशानी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। हालांकि, शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति महिला मरीजों को खली, जिसके कारण कई महिलाओं को परामर्श के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
शिविर के सफल संचालन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक कमल जोशी, ब्लॉक समन्वयक कल्याण सिंह, आशा फैसिलिटेटर, समस्त आशा कार्यकर्ताओं तथा अस्पताल के पूरे स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: