🔊
गंगोलीहाट में विश्व युवा कौशल दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)।राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, प्लान-ऑफ एक्शन के अनुपालन में विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में विवेकानंद इण्टर कॉलेज, गंगोलीहाट में एक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तहसील विधिक सेवा समिति गंगोलीहाट की ओर से आयोजित किया गया था।
शिविर की अध्यक्षता सिविल जज महोदय रजनीश मोहन द्वारा की गयी। इस अवसर पर सिविल जज महोदय ने उपस्थित श्रोताओं तथा छात्र-छात्राओं को विश्व युवा कौशल दिवस के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए युवाओं को रोजगार, बेहतर कार्य और उद्यमिता के लिए आवश्यक तकनीकी व व्यावसायिक कौशल प्रदान करने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
इस कार्यक्रम में उपशिक्षाधिकारी गंगोलीहाट नीरज अधिकारी, थाना गंगोलीहाट प्रभारी नरेन्द्र पाठक, बीआरसी शिक्षा विभाग नितेश खाती, विवेकानंद इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य चन्द्र शेखर जोशी, बार के सचिव विद्वान अधिवक्ता मनोज सिंह रावल, स्कूल स्टाफ एवं न्यायालय के पेशकार संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह ऐर, आदेशिका वाहक प्रद्युमन सिंह टोलिया, पीआरडी जवान विनोद कुमार, कोर्ट मोहरिर गंगोलीहाट मनोज भट्ट, स्कूल स्टाफ, पुलिस कर्मी तथा स्कूल के लगभग 60-65 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।