🔊
सेवा, सुशासन और समर्पण का संदेश, बनकोट शिविर में सैकड़ों ग्रामीण हुए लाभान्वित.
गंगोलीहाट। विकासखंड गंगोलीहाट के राजकीय इंटर कॉलेज, बनकोट में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत जनसुनवाई एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कुल 89 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी अंकित राज ने बताया कि शेष 64 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को एक माह का समय दिया गया है, जबकि 3 प्रकरण शासन स्तर से जुड़े होने के कारण अग्रिम कार्रवाई हेतु भेजे गए हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों की जांच कर दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलख्वाल, पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, पूर्व विधायक मीना गंगोला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: