🔊
जल संकट से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: नदी महोत्सव में वक्ताओं का आह्वान।
पिथौरागढ़। स्वजल विभाग एवं स्प्रिंग एंड रिवर रिजूविनेशन अथॉरिटी (SARA) के तत्वावधान में शनिवार को कासनी ग्राम स्थित सेरादेवल मंदिर परिसर में भव्य नदी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री गणेश भण्डारी और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान से हुई। इसके बाद चन्द्रभागा और देवभागा नदियों के संगम पर विधि-विधान से नदी पूजन एवं दीपदान किया गया। समारोह में जल संरक्षण, नदी पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि नदी महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, वृक्षारोपण और जनसहभागिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रोल प्ले प्रस्तुत किए तथा चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सभी वक्ताओं ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।