🔊
मुख्यमंत्री धामी से मिले पालिकाध्यक्ष विमल रावल, गंगोलीहाट के विकास को लेकर सौंपा विस्तृत ज्ञापन
गंगोलीहाट। नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने 18 जुलाई को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र एवं नगर पालिका की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नगर पालिका क्षेत्र में नालियों, आंतरिक सड़कों, सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण, सभी सात वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने, माँ हाट कालिका मार्ग को दूधिया रोशनी से जगमगाने तथा आधुनिक सीवर लाइन बिछाने के लिए विशेष बजट की मांग की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएचसी गंगोलीहाट में महिला रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति का अनुरोध किया गया, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
यातायात सुविधा के लिए गंगोलीहाट–पव्वाधार नैनी मोटर मार्ग तथा पाताल भुवनेश्वर–दौला बलिया रावलखेत मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण की मांग रखी गई। साथ ही रोडवेज बस अड्डे से विभिन्न प्रमुख मार्गों पर नियमित बस सेवाएं शुरू करने का भी आग्रह किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट तक पक्की सड़क निर्माण और महाविद्यालय में एम.ए. एवं बी.एससी. की नियमित कक्षाएं संचालित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्ञापन में शामिल जनहित के प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक धनराशि एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इससे क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है।