🔊
चौकोड़ी में कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल का भव्य स्वागत, मातृशक्ति और स्कूली बच्चों ने बिखेरे कुमाऊँनी संस्कृति के रंग
चौकोड़ी। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल का गुरुवार को पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में समस्त कर्मचारियों, चौकोड़ी की मातृशक्ति एवं नन्हे स्कूली बच्चों ने यात्रियों का फूलमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान स्थानीय मातृशक्ति ने पारंपरिक कुमाऊँनी वेशभूषा धारण कर कुमाऊँनी भाषा में भगवान शिव के भजनों एवं लोकगीत चाँचरी की मनमोहक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने यात्रियों को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया।
इसके बाद स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। यात्रियों ने स्थानीय लोगों के स्नेह, आत्मीयता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इस स्वागत को अविस्मरणीय अनुभव बताया।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और स्थानीय लोगों ने 'अतिथि देवो भवः' की परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।