🔊
गंगोलीहाट में एनआरएलएम के बुक कीपरों का प्रशिक्षण शुरू, डिजिटल वित्तीय प्रबंधन पर दिया गया जोर
गंगोलीहाट। विकासखंड गंगोलीहाट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत बुक कीपरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के अभिलेखों का बेहतर रखरखाव, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विनोद प्रसाद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित बुक कीपर स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। विशिष्ट अतिथि जगदीश चंद्र पाठक एवं ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) दीपक राम ने कहा कि बुक कीपर समूहों के वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बनाए रखने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को LOOKS ऐप पर प्रोफाइल एंट्री और ट्रांजेक्शन एंट्री का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी बुक कीपर अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों की प्रोफाइल तैयार करेंगे तथा समूहों के वित्तीय लेनदेन का पूरा विवरण LOOKS ऐप पर दर्ज करेंगे। इससे अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव, डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड गंगोलीहाट के सभी बुक कीपरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा डिजिटल प्रणाली के माध्यम से समूहों के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।