🔊
सरकारी सीसी मार्ग तोड़े जाने से बुज्याड़ के ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विकासखंड गंगोलीहाट की ग्राम पंचायत बिरौली के बुज्याड़ (वार्ड-6) में सरकारी धन से निर्मित सीसी मार्ग और खड़ंजा रास्ते को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट और थाना प्रभारी बेरीनाग को शिकायत पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में आम लोगों की आवाजाही के लिए सरकारी मद से सीसी मार्ग और खड़ंजा बनाया गया था। आरोप है कि गांव के ही फकीर सिंह और उनकी पत्नी गीता देवी ने आपसी रंजिश के चलते नवनिर्मित मार्ग और उसकी दीवार को तोड़ दिया। साथ ही दीवार के पत्थरों को अपने घर ले जाने और रास्ते में घास-फूस डालकर सार्वजनिक आवागमन बाधित करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को रास्ता तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। इसी कारण सोमवार को एक बार फिर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सार्वजनिक मार्ग को जल्द बहाल कराने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत पत्र पर ग्राम प्रधान रोमा देवी सहित मदन सिंह, बबीता बोरा, रेखा देवी, संजना बोरा, दलीप सिंह, धर्म सिंह, तारा, मंजू देवी, जोगा सिंह, मोहन सिंह, नीमा देवी, जानकी देवी समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान दर्ज हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: