🔊
गंगोलीहाट में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला फूंका
गंगोलीहाट। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा छात्रों को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में मंगलवार को गंगोलीहाट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष आनंद बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी की और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के प्रति की गई टिप्पणी अमर्यादित और आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले युवाओं और छात्रों का सम्मान होना चाहिए तथा इस प्रकार की बयानबाजी समाज के लिए उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से अपना बयान वापस लेने और छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि छात्र देश और समाज का भविष्य हैं और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व राज्य दर्जा मंत्री खजान चंद्र गुड्डू, नगर अध्यक्ष दीपक धानिक, नारायण बोरा, गोपाल बिष्ट, पवन बोरा, प्रवेश आलम, संजय बोरा, मालती आर्या, कृष्ण कुमार, पूरन राम, पंकज कोहली, पंकज गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।