🔊
मारुति सुजुकी में राजकीय आईटीआई राईआगर, बेरीनाग के 8 प्रशिक्षार्थियों का चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
बेरीनाग/पिथौरागढ़। देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा 30 जुलाई 2026 को राजकीय आईटीआई हल्द्वानी परिसर में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में राजकीय आईटीआई राईआगर, बेरीनाग (पिथौरागढ़) के 8 प्रशिक्षार्थियों का चयन हुआ है। चयन की खबर से संस्थान और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कंपनी के रिक्रूटमेंट अधिकारी सोनू ठाकुर ने बताया कि कैंपस प्लेसमेंट में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों से 85 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के बाद 52 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।
कंपनी के मानव संसाधन अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि मारुति सुजुकी का उद्देश्य आईटीआई संस्थानों में नियमित रूप से ऐसे कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करना है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में राजकीय आईटीआई हल्द्वानी के प्लेसमेंट अधिकारी ललित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने एवं समन्वय के लिए राजकीय आईटीआई बेतालघाट (नैनीताल) के अनुदेशक एवं प्लेसमेंट अधिकारी राजेंद्र पांडे को कैंपस को-ऑर्डिनेटर नामित किया गया।
राजेंद्र पांडे ने नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर सहित अन्य जनपदों के प्रशिक्षार्थियों को मोबाइल, मीडिया और पत्राचार के माध्यम से रोजगार मेले की जानकारी दी। उनके प्रयासों से विभिन्न जनपदों के 27 प्रशिक्षार्थी कैंपस में पहुंचे, जिनमें राजकीय आईटीआई राईआगर, बेरीनाग के 8 तथा नैनीताल और अल्मोड़ा के 14 प्रशिक्षार्थियों का चयन हुआ।
राजेंद्र पांडे ने सभी चयनित प्रशिक्षार्थियों, उनके अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन अधिकारी सुनील कुमार ने राजकीय आईटीआई हल्द्वानी के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ एवं प्लेसमेंट अधिकारी ललित आर्य का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अंकित, प्रशांत सिंह, प्रमोद कुमार, सूरज, अमित कुमार सहित अन्य प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।