🔊
गुलाई-बोरखेत सड़क कटिंग से खतरे में आया मकान, ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गुलाई से बोरखेत तक निर्माणाधीन सड़क की कटिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट को ज्ञापन सौंपकर निजी भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को तत्काल रोकने तथा प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गुलाई-बोरखेत मार्ग पर निजी नाप भूमि में बिना पूर्व अनुमति के सड़क कटिंग का कार्य किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस कटिंग के कारण क्षेत्र का एक आवासीय मकान गंभीर खतरे की जद में आ गया है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क कटिंग का कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में पूरन चंद्र जोशी, दिनेश चंद्र, ललित मोहन कोठारी, त्रिलोचन, हेम चंद्र, कमल जोशी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।