🔊
कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटे केएमवीएन कर्मचारियों का चौकोड़ी में कुमाऊंनी रीति-रिवाज से स्वागत
चौकोड़ी। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल के साथ यात्रियों को भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चीन गए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के कर्मचारी भीम सिंह अधिकारी और दिनेश चंद्र आर्य यात्रा संपन्न कराने के बाद चौकोड़ी लौट आए। उनके वापस पहुंचने पर पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में कर्मचारियों ने कुमाऊंनी रीति-रिवाज के साथ उनका स्वागत किया।
पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी के प्रबंधक दीपक पंत सहित दीप पपने, रविंद्र अधिकारी, लाल सिंह, कपूर सिंह, प्रकाश, किशन राम, भगवान राम, हेमंत और विमला देवी ने दोनों कर्मचारियों का तिलक लगाकर एवं फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रियों के साथ गए निगम कर्मचारियों ने मानसरोवर झील से लाया गया पवित्र गंगाजल आवास गृह के कर्मचारियों को वितरित किया। गंगाजल पाकर कर्मचारियों में खुशी और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
वहीं, कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल में शामिल यात्रियों ने यात्रा के दौरान उन्हें भोजन उपलब्ध कराने वाले केएमवीएन के कुक एवं सहायक स्टाफ के कार्यों की जमकर सराहना की। यात्रियों ने निगम कर्मचारियों के भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके व्यवहार और सेवा भावना की भी अत्यधिक प्रशंसा की।
कर्मचारियों की इस सेवा से यात्रा के दौरान यात्रियों को घर जैसा भोजन और बेहतर आतिथ्य मिलने में मदद मिली। चौकोड़ी पहुंचने पर हुए स्वागत कार्यक्रम ने कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े सेवा भाव और कुमाऊं की आतिथ्य परंपरा को भी दर्शाया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: