🔊
भारी बारिश के बीच भी NH पर सफर सुचारू, चम्पावत में राहत की खबर।
डीएम मनीष कुमार की लगातार मॉनिटरिंग से संवेदनशील स्थानों पर बढ़ी सतर्कता, डेंजर जोन में जेसीबी तैनात।
चम्पावत। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से जारी है। लगातार बारिश के बीच भी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बनी रहने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार आपदा कंट्रोल रूम के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आपदा से कहीं भी सड़क या अन्य परिसंपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्थिति में अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता ने बताया कि मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। पहाड़ी से पत्थर गिरने की स्थिति में वाहन चालकों को भी सतर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पूरे मार्ग में यातायात व्यवस्था सुचारू है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा लगातार मौके पर पहुंचकर मार्ग की मॉनिटरिंग किए जाने से व्यवस्थाओं में तेजी आई है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार सड़क बंद होने की घटनाएं काफी कम रही हैं। हालांकि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वहीं आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री पटवाल ने बताया कि जिले में आपदा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल कहीं से भी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
फोटो : राष्ट्रीय राजमार्ग के डेंजर जोन स्वाला में भारी बारिश के बीच भी जारी वाहनों की आवाजाही।