🔊
उत्तराखंड बनेगा विंटर एडवेंचर कैपिटल, 14 अक्टूबर से 700 किमी की MTB चैलेंज।
चम्पावत, 07 सितंबर 2026। उत्तराखंड को देश-दुनिया में प्रमुख साहसिक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा ‘अल्टीमेट उत्तराखण्ड MTB चैलेंज 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता उत्तराखंड को विंटर एडवेंचर कैपिटल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
14 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस सात दिवसीय साइकिल रैली में प्रतिभागी उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से होकर करीब 700 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी करेंगे। रैली के दौरान प्रतिभागियों को दुर्गम ऑफ-रोड ट्रैक्स और हिमालयी क्षेत्रों के रोमांचक रास्तों से गुजरना होगा।
प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय Elite लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। ये साइकिलिस्ट उत्तराखंड के कठिन पहाड़ी ट्रैक्स पर अपनी क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन आधारित रोजगार और आजीविका के अवसरों में वृद्धि तथा वैश्विक स्तर पर उत्तराखंड की नई पहचान बनाने में मदद मिलेगी।