🔊
चम्पावत में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट,आकाशीय बिजली और तीव्र बौछारों की चेतावनी।
चम्पावत। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 7 सितंबर 2026 को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार चम्पावत जनपद में 7 और 8 सितंबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा का दौर आने की चेतावनी जारी की गई है।
आगामी दिनों का पूर्वानुमान
7-8 सितंबर: अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है।
9 सितंबर: अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा हो सकती है।
10-13 सितंबर: अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बौछारों का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
संभावित खतरे
संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
भारी बारिश से सड़क, लिंक मार्ग और राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
नदी-नालों और बरसाती गधेरों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
आकाशीय बिजली से जान-माल और मवेशियों को नुकसान का खतरा हो सकता है।
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
.भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें।
भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
आकाशीय बिजली के समय पक्के भवन के अंदर रहें और पेड़ों के नीचे शरण न लें।
मवेशियों को खुले में न बांधें।
नदी-नालों और कटाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
जलस्तर बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाएं।
चम्पावत न्यूज़ की अपील: मौसम खराब होने पर सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: