🔊
घाट-पनार सड़क हादसे की होगी मजिस्ट्रेट जांच, डीएम ने दिए आदेश।
वाहन पर अचानक गिरा था पत्थर, एक की मौत और चार घायल; एसडीएम लोहाघाट को बनाया जांच अधिकारी
चम्पावत, 07 सितम्बर 2026। एनएच-309ए घाट-पनार रोड, तहसील बाराकोट में वाहन पर अचानक पत्थर गिरने से हुई सड़क दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच होगी। जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
घटना में वाहन में सवार पांच लोगों में से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) चम्पावत की एटीआर तथा तहसीलदार बाराकोट से प्राप्त सूचना के अनुसार सोमवार, 07 सितम्बर 2026 को पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे एनएच-309ए घाट-पनार रोड पर वाहन संख्या UK-05-TA-2878 के ऊपर अचानक पत्थर गिर गया। पत्थर गिरने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के लिए उप जिलाधिकारी, लोहाघाट को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों तथा इससे जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाए। साथ ही 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत जांच आख्या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से दुर्घटना के प्रत्येक पहलू की जांच कर वास्तविक कारणों और परिस्थितियों को सामने लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।