🔊
उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी मतदाता सूची की अंतिम सूची, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 24.30 लाख नोटिसों में 99 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी।
देहरादून, 07 सितम्बर 2026। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 15 सितंबर से बढ़ाकर 3 अक्टूबर कर दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले मामलों से संबंधित 24 लाख 30 हजार नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की करीब 40 प्रतिशत सुनवाई भी पूरी हो चुकी है।
28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास उपस्थित रहे।