🔊
घाट-पनार मार्ग हादसा: मृतक के परिजनों को प्रशासन ने दी 4 लाख रुपये की सहायता
बोल्डर गिरने से हुई थी युवक की मौत, एसडीएम लोहाघाट ने परिजनों को सौंपा सहायता राशि का चेक
चम्पावत, 07 सितम्बर 2026। घाट-पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में मृतक के परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
बताया गया कि पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरकर सड़क किनारे खड़े वाहन संख्या UK05TA2878 के ऊपर जा गिरा। हादसे में वाहन सवार संदीप कुमार निवासी टिमटा, तहसील गंगोलीहाट की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आपदा राहत नीति के मानकों के तहत एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने मृतक संदीप कुमार के शोक संतप्त परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
घटना के बाद प्रशासन द्वारा घाट-पनार मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।