🔊
चम्पावत के युवाओं को भी मिलेगा मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का लाभ, मुख्यमंत्री ने शुरू की युवा भविष्य निर्माण योजना।
UPSC, UKSSC, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा
चम्पावत, 07 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना से चम्पावत समेत प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करने और महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ युवाओं को अब घर बैठे ऑनलाइन मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
योजना के तहत युवाओं को UPSC, UKSSC, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा AT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ युवाओं के सपनों को साकार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
योजना के माध्यम से युवाओं को आर्थिक बाधाओं के बिना गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अपनी तैयारी को मजबूत करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।