🔊
तामली इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026। पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चम्पावत श्री देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में थाना तामली पुलिस द्वारा तामली इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
थानाध्यक्ष तामली कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फेक वीडियो कॉल, फेक लिंक और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, शराब के नशे में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति या आवश्यकता पड़ने पर 1090, 1930, 1933 एवं 112 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
चम्पावत पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, नशे और सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।