🔊
पीएम स्वनिधि योजना के तहत चम्पावत के नगर निकायों में लगेंगे लोक कल्याण मेले
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026।
पीएम स्वनिधि योजना के पात्र लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जनपद चम्पावत के सभी नगर निकायों में 01 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चम्पावत भरत त्रिपाठी ने बताया कि मेले सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 08 सितंबर को नगर पालिका परिषद चम्पावत स्थित बारात घर में, 09 सितंबर को नगर पालिका परिषद टनकपुर कार्यालय सभागार में, 10 सितंबर को नगर पंचायत बनबसा कार्यालय सभागार में, 25 सितंबर को नगर पालिका परिषद लोहाघाट कार्यालय सभागार में तथा 28 सितंबर को नगर पंचायत पाटी कार्यालय सभागार में लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पीएम स्वनिधि योजना के पात्र लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को भारत सरकार की आठ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना है।
मेलों के दौरान बैंकों में लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कर ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को डिजिटल लेन-देन के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराकर पंजीकरण भी किया जाएगा।
संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेलों में उपस्थित रहकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।