🔊
गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए कंट्रोल रूम और विशेष अभियान शुरू होगा
देहरादून, 20 मार्च 2025। गर्मियों में पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने कड़े कदम उठाने का फैसला किया है। पेयजल सचिव श्री शैलेश बगौली ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और जल संस्थान व पेयजल निगम को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य फैसले और निर्देश:
✔ हर जनपद में पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसे कॉल सेंटर के रूप में संचालित किया जाएगा।
✔ नोडल अधिकारी (सहायक अभियंता) नियुक्त होंगे, जो समयबद्ध रूप से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
✔ पेयजल टैंकरों की नियमित सफाई और जीपीएस (GPS) मॉनिटरिंग की व्यवस्था होगी ताकि जलापूर्ति सुचारू रूप से हो सके।
✔ प्रत्येक डिवीजन में पर्याप्त टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
✔ 1 अप्रैल से 15 दिनों तक जल अपव्यय और लीकेज रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
✔ चार धाम यात्रा मार्गों पर वाटर एटीएम, स्टैंड पोस्ट और टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित होगी, जिससे यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीर
सचिव पेयजल ने स्पष्ट किया कि गर्मियों में जल संकट से निपटने के लिए सभी स्तरों पर कार्य किया जाएगा। शिकायतों का त्वरित समाधान और जल स्रोतों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होगी। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।