🔊
फलदार वृक्षों की खेती को बढ़ावा देने हेतु चल रही योजना, किसान उठा सकते हैं लाभ
गंगोलीहाट, 26 जुलाई 2025
उद्यान विभाग गंगोलीहाट क्षेत्र में हार्टीकल्चर मिशन फॉर नॉर्थ ईस्ट हिमालया नामक एक विशेष परियोजना चला रहा है, जिसके अंतर्गत स्थानीय किसानों को फलदार वृक्षों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह पहल क्षेत्र में बगीचा संस्कृति को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए काश्तकारों को खाता-खतौनी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छाया प्रतियां विभाग में जमा करनी होंगी।
वर्तमान में इस योजना के तहत किसानों को अमरूद, यूरेका (नींबू), आम और लीची के पौधे भूमि की उपलब्धता के अनुसार प्रदान किए जा रहे हैं। ये पौधे बगीचा तैयार करने हेतु अनुकूल हैं और किसानों को लंबी अवधि में आर्थिक रूप से लाभ पहुंचा सकते हैं।
उद्यान विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कार्यालय से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और फलोद्यान स्थापना हेतु इस अवसर का लाभ उठाएं।