🔊
चंपावत में जन सेवा महोत्सव का आयोजन 23 मार्च को, मुख्यमंत्री धामी करेंगे वर्चुअल संबोधन
चंपावत, 21 मार्च 2025: वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 मार्च 2025 को जनपद मुख्यालय स्थित गोरल चौड़ मैदान में ;जन सेवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से लाइव प्रसारण के जरिए जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य बनाने के लिए शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और आवश्यक सुझाव लिए गए।
बहुउद्देशीय शिविरों में मिलेगी सुविधाएं
बैठक में जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने बताया कि इस आयोजन के तहत बहुउद्देशीय शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें आमजन को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही, नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया
प्रभारी जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विद्युत, पेयजल, बैरिकेडिंग, स्टॉल स्थापना, बैठने की व्यवस्था एवं सड़क मार्ग जैसी सुविधाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए।
जनभागीदारी के लिए अपील
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने और बहुउद्देशीय शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
26 मार्च को लोहाघाट में शिविर
जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को गोरल चौड़ मैदान, चंपावत में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, 26 मार्च को विधानसभा लोहाघाट में भी बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस बैठक और निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार जगदीश नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: