🔊
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जल संरक्षण और सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की
देहरादून, 21 मार्च 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में सिंचाई, लघु सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वृहद स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन और समृद्धि का आधार है, इसलिए जल संचय और गाड़-गदेरों के पुनर्जीवीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
वर्षा जल संचय और ग्राउंड वाटर रिचार्ज पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने सिंचाई, लघु सिंचाई विभाग और नगर निगमों को शहरी क्षेत्रों में वर्षा जल संचय की दिशा में मिलकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने ग्राउंड वाटर रिचार्ज को प्राथमिकता देने और जल संरक्षण की दिशा में नवाचार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज की समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कार्य किए जाएं और चैक डेमों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि सिंचाई की नहरों का अधिकतम लाभ किसानों को मिले।
राज्य के शहरों के ड्रेनेज प्लान पर कार्य में तेजी
मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न शहरों के ड्रेनेज प्लान को शीघ्रता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई और खनन विभाग को निर्देश दिया कि नदियों और जलाशयों में जमा सिल्ट/गाद की निकासी के लिए बैठक आयोजित कर उचित समाधान निकाला जाए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव विनय शंकर पांडेय, सीपीपीजीजी के एसीईओ मनोज पंत, उप सचिव अजीत सिंह और प्रदीप मोहन नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।