🔊
गंगोलीहाट: श्री हाट कालिका मंदिर में शिवपुराण कथा के षष्ठम दिवस पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, शिव-पार्वती विवाह, गणेश जन्म व कार्तिकेय की लीलाओं पर कथा व्यास ने किया विस्तृत वर्णन
गंगोलीहाट, 30 जुलाई 2025
विश्व प्रसिद्ध मां श्री हाट कालिका मंदिर, गंगोलीहाट में आयोजित महाशिवपुराण ज्ञान यज्ञ के षष्ठम दिवस पर बुधवार को कथा व्यास आचार्य किशोर चंद्र जोशी द्वारा श्रद्धालुओं को शिव-पार्वती विवाह, तारकासुर वध, कार्तिकेय व गणेश जन्म की कथाओं का भावपूर्ण व सारगर्भित वर्णन किया गया।
दिन की शुरुआत में मुख्य यजमान देव सिंह रावल को सपत्नीक गणेश पूजन, देवी पूजन, पंचामृत स्नान, व्यास पूजन, ब्रह्माण वरण आदि विधिवत कर्मों से यज्ञ में आहुति दी गई। दोपहर से प्रारंभ हुई कथा में भगवान गणेश की बाल लीलाओं व गणेश विवाह की रोचक कथाएं श्रद्धालुओं को भावविभोर करती रहीं।
संध्या समय महाआरती, कन्या पूजन एवं ब्रह्मभोज का आयोजन हुआ। यज्ञ समिति द्वारा चलाए जा रहे भंडारे में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
स्थानीय भक्तों के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के दूर-दराज़ के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में लीन रहे, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। संपूर्ण रावल गांव सहित अन्य ग्रामीणों का सहयोग यज्ञ आयोजन को भव्यता प्रदान कर रहा है।
इस दौरान महाकाली मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पुरोहित पंकज पंत व दीप चंद्र पंत द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कराई जा रही है।