🔊
चंपावत में जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक संपन्न, पूर्व सैनिकों के मुद्दों पर हुई चर्चा
चंपावत, 22 मार्च 2025 (सूवि)। जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों और सैनिक आश्रितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पूर्व सैनिक सूबेदार दिनेश चंद्र ने पलसो-कलजाख से डोडेश्वर महादेव मंदिर तक 7.8 किलोमीटर मोटर मार्ग के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से न केवल क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, बल्कि पलायन की समस्या पर भी रोक लगेगी। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में वीर नारी जानकी देवी (लोहाघाट) ने अपने आवासीय मकान के नीचे से गुजर रही चौड़ी पंप हाउस पाइपलाइन को हटाने का अनुरोध किया। इस पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने समिति के सदस्यों से भी सुझाव मांगे, जिससे सैनिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि.) उमेद सिंह, लीड बैंक अधिकारी अमर सिंह ग्वाल, पूर्व सैनिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।