🔊
चुनाव हारने के बाद बीडीसी प्रत्याशी ने खाया ज़हरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत
वड्डा, (3 अगस्त 2025):
बिण विकासखंड के वड्डा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी लक्ष्मण गिरी (54) की ज़हरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। वह हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हार गए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से वड्डा के लेलू गांव निवासी लक्ष्मण गिरी ने शनिवार को कथित तौर पर ज़हरीला पदार्थ सेवन किया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि मृतक हाल ही में बिण विकासखंड की एक सीट से बीडीसी पद के लिए चुनावी मैदान में उतरे थे, परंतु उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने भी मामले की जांच शुरू होने की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी।
गौरतलब है कि यह घटना मतगणना के दूसरे ही दिन घटित हुई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक को सरल स्वभाव और समाजसेवा के प्रति समर्पित बताया।