🔊
स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी से उपभोक्ता को 5.98 लाख रुपये का बिजली बिल, ऊर्जा निगम ने दी सफाई
चंपावत: जिला मुख्यालय में स्मार्ट मीटर लगने के बाद एक उपभोक्ता को 5.98 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल भेजे जाने का मामला सामने आया है। यह देख उपभोक्ता हैरान रह गया और परिवार में चिंता का माहौल बन गया।
छतार क्षेत्र की निवासी जानकी देवी के घर में ऊर्जा निगम द्वारा करीब एक माह पहले स्मार्ट मीटर लगाया गया था। शुक्रवार सुबह उनके बेटे विपिन जोशी को मोबाइल पर बिल का मैसेज आया, जिसमें 5,98,000 रुपये से अधिक की राशि दर्शाई गई। जबकि उनके अनुसार, बिजली खपत के आधार पर अधिकतम 1,000 रुपये के करीब बिल आना चाहिए था।
इस भारी-भरकम बिल से परिवार परेशान हो गया और तुरंत ऊर्जा निगम से संपर्क करने की बात कही। बिल में 8,800 रुपये की छूट भी दिखाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद भुगतान की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई थी।
इस मामले पर ऊर्जा निगम के एसडीओ संजय भंडारी ने कहा कि स्मार्ट मीटर के बिल में तकनीकी कारणों से गलती हुई है और इसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
यह पहला मामला नहीं है जब स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा हो। इस घटना के बाद स्थानीय उपभोक्ताओं में भी स्मार्ट मीटर की विश्वसनीयता को लेकर चिंता बढ़ गई है।