🔊
जिला चिकित्सालय चम्पावत की चिकित्सा प्रबंधन समिति की त्रैमासिक बैठक संपन्न
चम्पावत: जिला चिकित्सालय चम्पावत की चिकित्सा प्रबंधन समिति की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को प्रभारी जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मरीजों को अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 में हुए व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुमानित बजट प्रस्तावों पर चर्चा कर अनुमोदन प्रदान किया गया।
इस दौरान अस्पताल में आवश्यक दवाओं, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, चिकित्सा उपकरणों, सफाई व्यवस्था, मरीजों के भोजन, फर्नीचर, भवन रखरखाव, बिजली-पानी के बिलों सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर निर्णय लिए गए।
सिंगल नोडल अकाउंट (एस.एन. अकाउंट) पर जोर
बैठक में सिंगल नोडल अकाउंट (एस.एन. अकाउंट) की पारदर्शिता पर विशेष चर्चा की गई। यह अकाउंट अस्पताल की आय-व्यय व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
कर्मचारियों के वेतन भुगतान और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य
प्रभारी जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने आउटसोर्सिंग से कार्यरत सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तथा न्यूनतम वेतन अधिनियम (Minimum Wages Act) के पालन के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अस्पताल में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने पर भी सहमति बनी, जिससे कर्मचारियों की नियमितता सुनिश्चित की जा सके।
स्वर्ग वाहन की उपलब्धता पर भी हुई चर्चा
बैठक में स्वर्ग वाहन की उपलब्धता से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, जिससे शोक संतप्त परिवारों को सुविधा मिल सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, पीएमएस जिला अस्पताल एच. एस. ह्यांकि, यूपीसीएल अभियंता संजय भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।