🔊
सुकना पंचायत में वीर जवानों का सम्मान, स्वतंत्रता दिवस पर गूंजे जय हिंद के नारे
गंगोलीहाट। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सुकना में भव्य एवं प्रेरणादायक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान एवं प्रधान संगठन गंगोलीहाट के महामंत्री चंदन सिंह बोरा (पंकू) तथा क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि पंकज बोरा ने संयुक्त रूप से की।
समारोह में देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में सेवाएं दे रहे सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा अर्धसैनिक बलों के जवानों को सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान चंदन सिंह बोरा (पंकू) और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि पंकज बोरा ने जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए सैनिकों का त्याग, समर्पण और साहस अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि सुकना पंचायत को अपने वीर जवानों पर गर्व है और उनकी राष्ट्रसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद ग्रामीणों और युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ जवानों का सम्मान किया। समारोह में ‘जय हिंद’ और ‘जय भारत’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, पूर्व सैनिक, युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम और वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना के साथ हुआ।