🔊
गंगोलीहाट में रामलीला मंचन की तैयारियां तेज, 18 अगस्त से शुरू होगी तालीम।
गंगोलीहाट। श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच की बैठक स्थानीय होटल में कमेटी के उपाध्यक्ष विजय शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन कमेटी के सचिव गजेंद्र रावल एवं संरक्षक किशन उप्रेती ने किया। बैठक में आगामी रामलीला मंचन की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी रामलीला मंचन के लिए पात्रों को तालीम देने की तिथि पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से 18 अगस्त से रामलीला मंचन की तालीम शुरू करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान कमेटी के कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल ने पिछले वर्ष की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सचिव गजेंद्र रावल ने उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, संरक्षकों, कलाकारों, विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामलीला के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक में तालीम स्थल के चयन की जिम्मेदारी संरक्षक मुकेश रावल को सौंपी गई। वहीं रामलीला पात्रों को तालीम देने की जिम्मेदारी संरक्षक किशन उप्रेती, कैलाश सिंह, धीरेंद्र बिष्ट, आनंद पांडे, त्रिभुवन बिष्ट, विजय शाह, नरेंद्र रावल, पंकज उप्रेती, कमल रावल, राजेंद्र खाती, विशाल सोरियाल और पीयूष कुमार सहित अन्य सदस्यों को दी गई।
रामलीला मंचन के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद हेतु समिति का गठन किया गया, जिसमें भगवत रावल, राजेंद्र खाती, त्रिभुवन बिष्ट और संजय रावल को शामिल किया गया।
बैठक में विभिन्न वार्डों से पहुंचे दर्जनों सदस्यों ने प्रतिभाग किया। अंत में निर्णय लिया गया कि जल्द ही तालीम कक्ष में एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें रामलीला मंचन की तैयारियों से जुड़े आगामी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।