🔊
गंगोलीहाट में लोकपर्व आठों की धूम, पुनौली गांव से निकला भव्य जुलूस
गंगोलीहाट। नगर क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों लोकपर्व आठों की जबरदस्त धूम है। पुनौली, पतारवाड़ा, भुल्यूड़ा सहित कई गांवों में गौरा-महेश्वर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। देर रात तक पारंपरिक लोकगायन से गांवों में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
इसी क्रम में पुनौली गांव के ग्रामीणों ने नगर क्षेत्र में भक्तिमय गायन करते हुए भव्य जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान पारंपरिक गीतों और भक्ति गायन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। इसके बाद ग्रामीण प्रसिद्ध मां महाकाली मंदिर पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी। पूजा-अर्चना और गायन के बाद ग्रामीणों ने बताया कि अब गांव के प्रत्येक घर में जाकर गौरा-महेश्वर की भक्ति में लीन होकर देर रात तक पारंपरिक गायन किया जाएगा।
लोकपर्व आठों को लेकर गंगोलीहाट क्षेत्र में लोगों में खासा उत्साह है। गांव-गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकगीतों की गूंज के बीच आस्था, संस्कृति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।