🔊
गंगोलीहाट में मूलभूत समस्याओं को लेकर छठे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट में मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमल न होने तथा बदहाल सड़कों, खस्ताहाल स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन की अगुवाई उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष (अ.जा. प्रकोष्ठ) मनोज टम्टा कर रहे हैं।
धरने के छठे दिन क्रमिक अनशन एवं विरोध प्रदर्शन में मनोज टम्टा, राम सिंह महरा, षष्टी भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शोबन राम तथा मेहर सिंह बिष्ट डटे रहे। वक्ताओं ने राज्य सरकार पर गंगोलीहाट क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं कागजों तक सीमित रहने से क्षेत्र की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
आंदोलन को लगातार व्यापक समर्थन मिल रहा है। बेरीनाग, पुगराऊं घाटी और गणाई गंगोली से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया।
समर्थन देने वालों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बेरीनाग हेम पंत, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बेरीनाग अमित पाठक, ब्लॉक अध्यक्ष बेरीनाग मनोज सानी, केसर महरा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पुगराऊं घाटी त्रिलोक सिंह कार्की, ग्राम प्रधान चौकी गणाई राजेश बोरा, देवेंद्र सिंह मेहता, कुंदन धानिक, पूर्व प्रधान हेम कुमार तथा कैलाश चंद्र भट्ट प्रमुख रूप से शामिल रहे।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़कों के सुधारीकरण, अस्पतालों में डॉक्टरों एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर धरातल में काम शुरू नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी रहेगा।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: