🔊
गंगोलीहाट में पांच दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर शुरू, 120 प्रतिभागी ले रहे प्रशिक्षण।
गंगोलीहाट। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गंगोलीहाट में भारत स्काउट-गाइड जिला संस्था पिथौरागढ़ के तत्वावधान में पांच दिवसीय तृतीय सोपान स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ हो गया है। 18 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस शिविर का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्य के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
शिविर में जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभिन्न विद्यालयों से 85 स्काउट और 35 गाइड सहित कुल 120 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के लिए डीटीसी स्काउट एसएस शमीम, डीओसी गाइड चंद्रकला जोशी, एडीटीसी स्काउट टीएन जोशी, कनालीछीना के ब्लॉक सचिव गोपाल खोलिया तथा गंगोलीहाट के ब्लॉक सचिव एवं कैंप इंचार्ज अजय सार्की मुख्य प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ के सात रोवर-रेंजर भी शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, बीपी सिक्स व्यायाम, प्राथमिक चिकित्सा, गांठ बंधन, कंपास एवं मानचित्र का ज्ञान, कैंप उपकरणों का प्रयोग तथा पुल और मचान निर्माण जैसी विभिन्न व्यावहारिक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर के दौरान जागरूकता रैली का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और आपदा जैसी परिस्थितियों में बेहतर तरीके से कार्य करने की दक्षता विकसित करना है।