🔊
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर गंगोलीहाट में प्री-बैठक आयोजित
12 सितंबर को होने वाली लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सिविल जज गंगोलीहाट न्यायालय परिसर में प्री-बैठक का आयोजन किया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित बैठक की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन ने की।
बैठक में लंबित मुकदमों के त्वरित एवं अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर अधिवक्ताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। सिविल जज रजनीश मोहन ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे लंबित वादों को आपसी सहमति से निपटाने के लिए पक्षकारों को प्रेरित करें, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकार समय और संसाधनों की बचत करते हुए अपने विवादों का समाधान करा सकते हैं।
बैठक में कोतवाली गंगोलीहाट के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी, कोतवाली बेरीनाग के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार, यूजीबी गंगोलीहाट के बैंक मैनेजर, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जे.एस. मेहरा, सचिव मनोज सिंह रावल, विजय पंत, सुनील कुमार बोरा, कमल उप्रेती सहित पुलिस कर्मचारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से समन्वय एवं सहयोग के साथ अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।