🔊
गंगोलीहाट में कांग्रेस का धरना 11वें दिन भी जारी, प्रशासन से वार्ता विफल
गंगोलीहाट। मुख्यमंत्री की ओर से गंगोलीहाट क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाओं पर अमल न होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अजा मोर्चा) के उपाध्यक्ष मनोज टम्टा के नेतृत्व में चल रहा धरना-प्रदर्शन मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा।
धरना स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया। उपजिलाधिकारी अंकित राज, तहसीलदार देवांश प्रताप, लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपचंद पांडे, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत और पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता आनंद प्रसाद ने आंदोलनकारियों से कई दौर में बातचीत की।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी घोषणाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार कर रही है। उन्होंने मांग की कि विकास कार्यों के लिए तत्काल वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बन सकी। आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक संबंधित विकास कार्यों पर धरातल में काम शुरू नहीं होता, तब तक शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।
धरने में गणेश रावल, सुरेश पंडा, चंदन वाणी, बसंत वल्लभ भट्ट, भारत खाती, दीपक धानिक, रेखा भंडारी, मालती आर्या और हयात सिंह बोरा समेत कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नीरज पंत
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: