🔊
गंगोलीहाट विधानसभा को ₹15.30 करोड़ की सौगात, सड़क और पुल निर्माण को मिली मंजूरी।
गंगोलीहाट। दशाईंथल में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फकीर राम टम्टा ने चंडाक-बांस, आंवलाघाट-गंगोलीहाट मोटर मार्ग और रामगंगा नदी पर 60 मीटर स्पान पुल के निर्माण के लिए ₹15.30 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया।
विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर गंगोलीहाट मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, बेरीनाग मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, दीपक उप्रेती सहित भाजपा के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने सड़क एवं पुल निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रामगंगा नदी पर पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।