🔊
राहुल गांधी के कथित विवादित बयान के खिलाफ गंगोलीहाट में भाजपा का प्रदर्शन, कोतवाली में दी शिकायत
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी द्वारा हल्द्वानी की एक घटना को लेकर दिए गए कथित सार्वजनिक बयान के विरोध में सोमवार को गंगोलीहाट के अम्बेडकर पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा अनुसूचित जाति (अजा) मोर्चा के जिलाध्यक्ष भूपाल आर्या ने किया, जबकि कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष दयाल कुमार समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कोतवाली गंगोलीहाट पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने हल्द्वानी में आयोजित एक कार्यक्रम और उससे जुड़ी घटना को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति तथा पूरे दलित समाज के अपमान से जोड़कर प्रस्तुत किया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि संबंधित घटना से जुड़े पक्षों ने किसी भी प्रकार की जातिगत दुर्भावना से इनकार किया है। इसके बावजूद बिना ठोस तथ्य या साक्ष्य के इस तरह के सार्वजनिक बयान दिए जाने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और समाज में वैमनस्य उत्पन्न होने की आशंका है।
शिकायत के माध्यम से पुलिस से राहुल गांधी के संबंधित सार्वजनिक वक्तव्यों, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई। साथ ही घटना से जुड़े आयोजकों के बयान दर्ज कर, यदि किसी संज्ञेय अपराध के तत्व सामने आते हैं, तो भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
इस दौरान भाजपा अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष भूपाल आर्या, नगर मंडल अध्यक्ष दयाल कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, बलवंत मेहरा, राजू राम, अजय कुमार, संजय कुमार, प्रियांशु कुमार, सुनील कुमार सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।