🔊
गंगोलीहाट में तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आगाज, कृष्ण की झांकी ने मोहा मन।
गंगोलीहाट। हाट कला एवं सांस्कृतिक मंच गंगोलीहाट के तत्वावधान में स्थानीय ब्यालपाटा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा और आकर्षक झांकी निकाली गई। झांकी नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस ब्यालपाटा मैदान पहुंची। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया।
शोभायात्रा में नगर क्षेत्र सहित आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुसज्जित श्रीकृष्ण की झांकी और श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
तीन दिवसीय महोत्सव में मटकी फोड़ प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। मेहंदी, ऐपण, झोड़ा-चाचरी सहित अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। वहीं, प्रतिदिन स्टार नाइट में कुमाऊं के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मिकी माउस सहित विभिन्न साधन उपलब्ध कराए गए हैं। 6 सितंबर की रात इनामी प्रतियोगिता के ड्रा निकाले जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन पिथौरागढ़ से आए प्रसिद्ध एंकर नानू बिष्ट कर रहे हैं।
महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी कोतवाल कैलाश जोशी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना कलावती देवी, पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, जिला पंचायत सदस्य राहुल कुमार, पठक्यूड़ा वार्ड की सभासद उमा पांडे, मनोनीत सभासद रेनू चौधरी, श्यामाचरण उप्रेती, रमेश बोरा, भगवान बिष्ट, दयाल कुमार, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण सिंह बोहरा, पुष्कर सिंह, दयाल नाथ, शंकर सिंह, राकेश पाठक, निखिल पंत, इंदर धानिक, महेश पंत और मनीष पंत सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ।
इस अवसर पर अन्ना संगीत प्रशिक्षण केंद्र की ओर से स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन के संगम के कारण जन्माष्टमी महोत्सव गंगोलीहाट में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: