🔊
बेरीनाग में आरएसएस का एक दिवसीय युवा सम्मेलन, प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दमखम
बेरीनाग। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से संस्कृति संघ कुंज कार्यालय, बेरीनाग में एक दिवसीय युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान कबड्डी, मंडल खो, ताला-चाबी, अंताक्षरी और क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कबड्डी प्रतियोगिता में तपेश्वर बी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि तपेश्वर ए की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं ताला-चाबी प्रतियोगिता में भगवाधारी दल ने प्रथम और जय भवानी दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक वतन, जिला प्रचारक गणेश, जिला संघचालक गोविंद खाती, नगर कार्यवाह रत्नाकर पांडे, सुरेश, दरपान, जीवन पंत, निखिल पंत, मनीष पंत, दीपक नेवलिया, दीपक धानिक, विनोद पाठक, गंगा सिंह सामंत, धीरज रोतेला, योगेश महरा, प्रांजल कन्याल, हर्षित डसीला, सुमित चन्याल, मनुजयेंद्र पंत और मनीष रोतेला सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्थानीय युवा मौजूद रहे।