🔊
गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने डीएम से की मुलाकात, आपदा प्रभावित परिवारों के विस्थापन का उठाया मुद्दा।
ग्राम पंचायत मनगढ़ के प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास की मांग, विधायक ने सौंपा ज्ञापन
पिथौरागढ़, 07 सितम्बर 2026। गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने सोमवार को पिथौरागढ़ जिलाधिकारी आशीष भटगांई से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं और महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने विशेष रूप से ग्राम पंचायत मनगढ़ में आपदा एवं भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष उठाया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने तथा पुनर्वास की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका लगातार प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।