🔊
लोहाघाट में बंद कलमठ खुला, घरों में घुस रहे बारिश के पानी से मिली राहत
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026।
लोहाघाट नगर के कचहरी वार्ड में पीडब्ल्यूडी कार्यालय से माउंटेश्वरी स्कूल जाने वाली सड़क पर लंबे समय से बंद पड़े कलमठ और नाली की समस्या का प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए त्वरित समाधान कराया है।
कलमठ बंद होने के कारण बारिश का पानी और मलबा लोगों के घरों में घुस रहा था। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के अधिशासी अभियंता मयंक तिवारी ने बताया कि विभाग ने बंद कलमठ को खोल दिया है, जिससे पानी की निकासी सुचारु हो गई है। इसके साथ ही नाली की सफाई और निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने वर्षाकाल को देखते हुए सभी विभागों को अपने क्षेत्रों में नालियों, नालों और कलमठों की नियमित जांच एवं सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और अन्य समस्याओं से आम लोगों को राहत मिल सके।