🔊
बागवानी से समृद्धि की ओर बढ़ रहे चम्पावत के किसान, डीएम ने प्रगतिशील कृषकों के प्रयासों को सराहा।
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026।
जनपद में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ बागवानी और फल उत्पादन को भी आय का मजबूत माध्यम बना रहे हैं। मंगलवार को ग्राम कमलेड़ी, रौसाल निवासी प्रगतिशील किसान हीरा सिंह कुंवर और ग्राम कठनौली निवासी भीम सिंह महर ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र में बागवानी की संभावनाओं और किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां फल उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। क्षेत्र में अखरोट, खुबानी, प्लम, कागजी नींबू और सेब सहित विभिन्न फलों का उत्पादन किया जा रहा है। किसानों द्वारा स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बागवानी को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रगतिशील किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे किसान अन्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ फल उत्पादन और बागवानी को अपनाकर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।
मुलाकात के दौरान किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट की व्यवस्था की मांग भी रखी। जिलाधिकारी ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रगतिशील किसानों को कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से जोड़कर तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। बागवानी के विस्तार से किसानों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।