🔊
कुंभ मेला 2027: चम्पावत से हरिद्वार जाएगा वरिष्ठ नागरिकों का दल, आवेदन मांगे
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026।
आगामी वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के प्रथम स्नान के लिए चम्पावत से वरिष्ठ नागरिकों का दल हरिद्वार जाएगा। प्रथम स्नान 14 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को कुंभ मेले में प्रथम स्नान कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक जनपद से करीब 30 से 40 वरिष्ठ नागरिकों का एक दल हरिद्वार भेजा जाना प्रस्तावित है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की यह यात्रा पर्यटन विभाग द्वारा संचालित ‘दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना’ के तहत आयोजित की जाएगी।
कुंभ मेले में प्रथम स्नान के लिए हरिद्वार जाने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक अपना आवेदन जिला पर्यटन कार्यालय, चम्पावत में जमा कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।