🔊
हाट भुल्यूड़ा की टीम ने जीती मटकी फोड़ प्रतियोगिता, स्टार नाइट में लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल ने बांधा समां।
चम्पावत। हाट कला एवं सांस्कृतिक मंच की ओर से ब्यालपाटा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का स्टार नाइट और इनामी कूपन खोले जाने के साथ समापन हो गया। समापन से पूर्व आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हाट भुल्यूड़ा और पुनौली की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
निर्धारित समय से पहले मटकी फोड़ने पर हाट भुल्यूड़ा की टीम को विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समापन की स्टार नाइट में प्रसिद्ध लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक नाचते नजर आए।
इसके अलावा मां नंदा साहू दल मुनस्यारी, अंजना थापा, किशोर कांचा, संजय पथनी, ग्रूव अप डांस ग्रुप और पारस पंत सहित कई कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
महोत्सव के अंतिम चरण में देर रात लकी ड्रॉ के इनामी कूपन खोले गए। तीन दिनों तक चले महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मिकी माउस सहित विभिन्न आकर्षण लगाए गए थे। वहीं दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों ने विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाई थीं।
कार्यक्रम का संचालन पिथौरागढ़ से आए नानू बिष्ट, विजय खत्री, हेम पाठक और किशन पाठक ने किया।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महोत्सव समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाली क्षेत्र की जनता, विभिन्न विभागों, पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।