🔊
नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, तीन पेशेवर तस्कर भेजे जेल।
एसपी रेखा यादव की सख्त मुहिम से नशा कारोबारियों में खलबली, संपत्ति कुर्क करने की तैयारी; अभिभावकों से बच्चों पर नजर रखने की अपील।
चंपावत। जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर नशा तस्करों और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान के तहत पुलिस ने तीन पेशेवर नशा कारोबारियों को कानून की विशेष व्यवस्था के तहत जेल भेजा है।
एसपी रेखा यादव ने दो टूक कहा कि नशा और नशे का कारोबार करने वाले समाज के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत जंगली आग की तरह फैल रही है और इससे युवा पीढ़ी को बचाने के लिए पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों और समाज का सहयोग भी जरूरी है।
पुलिस अब केवल छोटे स्तर पर नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करों को संरक्षण देने वालों और मैदानी क्षेत्रों से हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थों की थोक सप्लाई करने वाले कारोबारियों तक पहुंचने की तैयारी में है। पुलिस ऐसे लोगों का चिन्हीकरण कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की रणनीति बना रही है। पुलिस के मुताबिक नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिह्नित कर कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ कानून की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उन्हें कानूनी शिकंजे में लाया जाएगा।
*अभिभावक रखें बच्चों पर पैनी नजर*
एसपी रेखा यादव ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे के नशे की गिरफ्त में आने या नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
फोटो कैप्शन : रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक चंपावत।
लोहाघाट थाने में बदलाव, ओम प्रकाश बने नए थानाध्यक्ष
चंपावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि आदर्श थाना लोहाघाट के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार को कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनका करीब एक माह पूर्व स्थानांतरण हो चुका था। अब उनके स्थान पर एसआई ओम प्रकाश को लोहाघाट थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
फोटो : ओम प्रकाश, नवनियुक्त थानाध्यक्ष लोहाघाट।