🔊
जिला योजना समिति के निर्वाचन हेतु मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन, आज से दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां
चम्पावत, 08 सितम्बर 2026।
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चम्पावत में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 08 सितम्बर 2026 को जिला योजना समिति निर्वाचन के लिए जिला पंचायत और नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है।
जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची परिशिष्ट-1 तथा नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची परिशिष्ट-2 के रूप में प्रकाशित की गई है।
जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची का प्रकाशन कार्यालय जिला पंचायत सभागार, चम्पावत में किया गया है। वहीं नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, चम्पावत तथा संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली के संबंध में किसी व्यक्ति को दावा या आपत्ति दर्ज करानी हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, चम्पावत में दावा अथवा आपत्ति दाखिल की जा सकती है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत यहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने जिला योजना समिति निर्वाचन से जुड़े सभी संबंधित प्रभारियों एवं मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।